विधवा के साथ दुष्कर्म का मुख्य आरोपित भाजपा विधायक का भतीजा गिरफ्तार
वाराणसी की विधवा के साथ दुष्कर्म का मुख्य आरोपित भदोही के भाजपा विधायक रविंद्रनाथ तिवारी के भतीजे संदीप तिवारी को पुलिस ने ज्ञानपुर स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जांच में विधायक पुत्र नितेश महिला के साथ मारपीट का आरोपित मिला। शनिवार को पुलिस लाइन ज्ञानपुर में एसपी राम बदन सिंह ने यह जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि 10 फरवरी को वाराणसी की एक विधवा महिला ने शिकायती पत्र देकर विधायक रविंद्रनाथ तिवारी समेत बेटों व भतीजों पर गैंगरेप, मारपीट व जबरदस्ती गर्भपात कराने का आरोप लगाया था। प्रकरण की जांच एएसपी आरके वर्मा से कराई गई। उसके उपरांत 19 फरवरी को विधायक, मुख्य आरोपित संदीप तिवारी, भतीजे जिपं सदस्य सचिन तिवारी, चंद्रभूषण व उनके तीन बेटों नितेश, प्रकाश, दीपक के खिलाफ आईपीसी की धारा 376डी, 313, 504, 506 में केस दर्ज किया गया। एसपी के मुताबिक प्रकरण की जांच को एएसपी के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच व कोतवाली पुलिस को लगाया गया था। विधायक के बेटे नितेश पर आईपीसी की धारा 504 व 506 का आरोप सिद्ध हुआ है। जबकि विधवा के साथ दुष्कर्म का मुख्य आरोपित संदीप तिवारी को एक होटल से सुबह गिरफ्तार कर लिया गया।
भाजपा विधायक समेत पांच को मिली क्लिनचिट
भदोही। जांच के बाद भाजपा विधायक रविंद्रनाथ तिवारी, दो बेटों समेत पांच को विधवा के साथ गैंगरेप के मामले में शनिवार को क्लिनचिट मिल गई। एसपी राम बदन सिंह ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद गहनता के साथ जांच की गई। विधायक रविद्रनाथ तिवारी, सचिन, चंद्रभूषण, प्रकाश व दीपक के खिलाफ साक्ष्य नहीं मिले। उन्हें क्लिनचिट दे दी गई। जबकि मुख्य आरोपित संदीप के खिलाफ 376, 504 व 506 का आरोप मिला है।